– महापौर ने 1.59 करोड़ की लागत से नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का किया शिलान्यास
| इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – नगर निगम रुद्रपुर द्वारा ट्रांजिट कैंप के वार्ड-3 में 1 करोड़ 59 लाख 24 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नेताजी सुभाष रजत जयंती पार्क का महापौर विकास शर्मा ने विधिवत शिलान्यास किया। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रत्येक शहर में रजत जयंती पार्क विकसित किए जा रहे हैं। ट्रांजिट कैंप में बनने वाला यह पार्क क्षेत्र के विकास को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बस्तियों को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने का जो संकल्प लिया था, यह पार्क उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि पार्क में भव्य प्रवेश द्वार, बाउंड्रीवाल, बच्चों के झूले, ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र और बैठने की आधुनिक व्यवस्था विकसित की जाएगी। मंदिर का सौंदर्यीकरण और भव्य त्रिशूल की स्थापना भी की जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण, उत्तरायणी पार्क निर्माण, ट्रांजिट कैंप में क्षेत्रीय निगम कार्यालय, नई सड़कों, नालों के निर्माण और धार्मिक स्थलों के विकास की कई योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने दावा किया कि नगर निगम ने एक वर्ष में लगभग 102 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए हैं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से रुद्रपुर के हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।




















