– रुद्रपुर में बंगाली समाज की संस्कृति और इतिहास को समर्पित होगा बंग भवन
– इंडिया नज़र ब्यूरो देहरादून/रुद्रपुर – रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर रुद्रपुर में प्रस्तावित बंग भवन के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण मांग रखी। विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखित पत्र सौंपते हुए बंग भवन के लिए भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने तथा भवन निर्माण हेतु आवश्यक बजट जारी करने का आग्रह किया।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि 14 अगस्त 2023 को रुद्रपुर में आयोजित विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष बंगाली समाज की कला, संस्कृति और इतिहास को संरक्षित एवं प्रदर्शित करने के उद्देश्य से बंग भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा था। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए अपनी घोषणाओं में शामिल किया था।

उन्होंने बताया कि बंग भवन के निर्माण के लिए किच्छा रोड स्थित पुराने ट्रेजरी कार्यालय परिसर की भूमि का चयन किया गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है।
मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बंग भवन केवल एक भवन नहीं बल्कि बंगाली समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और इतिहास को सहेजने का केंद्र होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्माण कार्य के लिए बजट जारी किया जाए, ताकि बंग भवन का निर्माण जल्द पूरा कर इसे बंगाली समाज को समर्पित किया जा सके।
विधायक ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह महत्वपूर्ण परियोजना जल्द धरातल पर उतरेगी और रुद्रपुर सहित पूरे क्षेत्र के बंगाली समाज को एक सांस्कृतिक पहचान और मंच प्रदान करेगी।



















