– ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद बम स्क्वॉड, पुलिस, साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां हुईं सक्रिय; जांच में नहीं मिला कोई संदिग्ध विस्फोटक
– इंडिया नज़र ब्यूरोमसूरी – नगर पालिका परिषद मसूरी को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, खुफिया विभाग, साइबर सेल और बम निरोधक दस्ते (बम स्क्वॉड) ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया। सुरक्षा के मद्देनजर नगर पालिका परिसर को खाली करा दिया गया तथा कर्मचारियों और आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई। बम स्क्वॉड की टीम ने नगर पालिका भवन और उसके आसपास के क्षेत्र में कई घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्यालय कक्षों, रिकॉर्ड रूम, परिसर और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है।

अधिकारियों के अनुसार नगर पालिका परिषद और एसडीएम कार्यालय को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था, जिसमें नगर पालिका भवन को निशाना बनाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
बम निरोधक दस्ते के अधिकारियों ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी लावारिस बैग, वस्तु या संदिग्ध सामग्री को हाथ न लगाएं। ऐसी कोई वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और पुलिस, खुफिया विभाग तथा साइबर सेल को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मसूरी देश-विदेश के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐसे में इस प्रकार की धमकियां सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को भी प्रभावित कर सकती हैं।
वहीं, पुलिस और साइबर सेल की टीमें ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति या संगठन की पहचान करने में जुटी हुई हैं। तकनीकी विशेषज्ञ ई-मेल के आईपी एड्रेस, सर्वर लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं ताकि धमकी के स्रोत तक पहुंचा जा सके।
प्रशासन ने फिलहाल स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




















