– त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक 8 लेन सड़क निर्माण को बताया ड्रीम प्रोजेक्ट
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को त्रिशूल चौक स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने त्रिशूल चौक से डीडी चौक होते हुए मेडिकल कॉलेज तक प्रस्तावित 8 लेन सड़क चौड़ीकरण परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि त्रिशूल चौक से अटरिया मोड़ और मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना रुद्रपुर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि तकनीकी खामियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण कार्य की गति प्रभावित हुई थी, लेकिन हाल ही में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कराया गया है।
बैठक में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बताया कि डीडी चौक से पीएसी गेट तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.25 करोड़ रुपये का टेंडर हो चुका है, जबकि डीडी चौक से मेडिकल कॉलेज तक पोल शिफ्टिंग के लिए विद्युत विभाग द्वारा 5.47 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया जा चुका है और जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
विधायक ने निर्देश दिए कि पीएसी गेट से मेडिकल कॉलेज तक चौड़ीकरण कार्य का एस्टीमेट शीघ्र तैयार कर विकास प्राधिकरण को भेजा जाए, ताकि आवश्यक धनराशि जारी होने के बाद निर्माण कार्य को टेंडर प्रक्रिया में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 के भीतर इस परियोजना को पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने विभाग को निर्देशित किया कि त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक जीएसबी (ग्रेन्युलर सब बेस) का कार्य इसी माह पूरा किया जाए तथा चौड़ीकरण में बाधा बन रही शेष निर्माण दीवारों को हटाने की कार्रवाई भी तेज की जाए।
बैठक में विधायक ने क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने महतोष मानूनगर मार्ग पर बरसात से पहले एक कोट सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को कीचड़ और आवागमन की समस्या का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा उन्होंने 2.47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग, 32 लाख रुपये के मुकरंदपुर मार्ग, 46 लाख रुपये के महतोष मोड़-अलखदेवी मार्ग तथा 58 लाख रुपये के केसरपुर-श्मशान घाट मार्ग के निर्माण कार्य आगामी एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता गजेंद्र सिंह, एई बसेड़ा, मयंक कक्कड़ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना रुद्रपुर के विकास का ड्रीम प्रोजेक्ट है। रिंग रोड के बाद यह शहर की सबसे महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं में से एक है। मैं चाहता हूं कि इसका निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा होकर जनता को समर्पित किया जाए। अब किसी भी विभाग का ढीला रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
“हम लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास योजनाएं स्वीकृत करा रहे हैं। वर्षों से जर्जर पड़ी सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मेरा लक्ष्य है कि रुद्रपुर का कोई भी क्षेत्र विकास कार्यों से अछूता न रहे। आने वाले दिनों में सड़क निर्माण कार्यों की गति और तेज दिखाई देगी।”




















