– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – शहीद ऊधम सिंह स्पोर्ट्स एकेडमी के तत्वावधान में इंदिरा गांधी खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट नाइट टूर्नामेंट के सातवें दिन खेल प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। देर शाम से ही मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई और रोमांचक मुकाबलों का दर्शकों ने जमकर आनंद लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं समाजसेवी ऊषा सिंह ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का भी कार्य करते हैं।

उषा सिंह ने आयोजक मंडल को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन समय-समय पर होते रहने चाहिए, जिससे युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके तथा समाज में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिले।
इस अवसर पर उनके साथ एडवोकेट शीतल, रक्षा बंसल, मंजू सिंह एवं माधुरी बिसेन भी मौजूद रहीं। वहीं आयोजक मंडल के अंशुल गंगवार, नवल किशोर, अरुण ठाकुर, दिलीप सागर, नंदराम प्रजापति, विनीत मैसी, विक्की सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




















