– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – विधायक तिलक राज बेहड़ ने रविवार को पंतनगर और देवरिया क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में लोगों की समस्याएं सुनीं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने देवरिया में विधायक निधि से 5.99 लाख रुपये की लागत से शिव शक्ति मंदिर में निर्मित आरसीसी छत का लोकार्पण भी किया।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास के माध्यम से जनता का विश्वास कायम रखना है। उन्होंने बताया कि देवरिया क्षेत्र में गोलू देवता मंदिर मार्ग, अमरजीत मार्ग, जुनेजा फार्म मार्ग सहित कई सड़कों का निर्माण कराया गया है। वहीं गोलू देवता मंदिर में लगभग 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य भी कराए गए हैं।

पंतनगर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनते हुए सार्वजनिक शौचालयों और सोलर लाइटों की व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की संपर्क सड़कों, गलियों और आंतरिक मार्गों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
विधायक बेहड़ ने बताया कि उनके प्रयासों से किच्छा विधानसभा क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए राज्य योजना के तहत 179.75 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में इस वित्तीय वर्ष के दौरान लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान, सड़क, पेयजल, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक सुविधाओं के विकास के लिए उनकी प्रतिबद्धता लगातार जारी रहेगी।
कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष दर्शन कोहली, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुड्डू तिवारी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




















