– छह गांवों में पहुंचकर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकांश का मौके पर समाधान; भंगा में 2 किमी सड़क डामरीकरण का ऐलान
किच्छा – ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर चलाए जा रहे जनसंवाद अभियान के तहत विधायक तिलक राज बेहड़ ने तीसरे दिन क्षेत्र के छह गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया और शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक बेहड़ के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत उन्होंने भगवानपुर, बखपुर, धाधा फार्म, शंकर फार्म, भंगा और सतुइया गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को सुना।

इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने ग्राम भगवानपुर में लगभग 9 लाख रुपये की लागत से निर्मित 175 मीटर लंबाई की पांच संपर्क सड़कों का लोकार्पण किया। वहीं ग्राम सतुइया में विधायक निधि से लगभग 1.34 लाख रुपये की लागत से निर्मित होली से रामगोपाल के घर तक सीसी सड़क का उद्घाटन किया। विकास कार्यों के लोकार्पण पर ग्रामीणों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन कार्यों से गांवों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने ग्राम भंगा में मुख्य सड़क के लगभग दो किलोमीटर डामरीकरण कार्य को चालू वित्तीय वर्ष में कराने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों में आवश्यकता के अनुसार संपर्क मार्गों और आंतरिक सड़कों का निर्माण चरणबद्ध तरीके से कराया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जा सके।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसंवाद अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वीकृत सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा तथा जिन गांवों में अभी भी आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाएं लागू की जाएंगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र का कोई भी गांव विकास से वंचित नहीं रहेगा और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, गुरदास कालड़ा, ग्राम प्रधान तुलसी देवी, अरुण शुक्ला, सुंदर सिंह, आफाक खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



















