सितारगंज – भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में मंगलवार को मंडी सभागार, सितारगंज में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की परिचय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला प्रभारी रोहित ओझा एवं सहप्रभारी अक्षय साह के ऊधम सिंह नगर आगमन पर जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
बैठक के दौरान सभी पदाधिकारियों ने अपना परिचय देते हुए संगठन में अपनी जिम्मेदारियों और आगामी कार्य योजनाओं की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाना तथा पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।

इस अवसर पर संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला प्रभारी रोहित ओझा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि युवाओं के उत्साह, ऊर्जा और समर्पण के बल पर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
वहीं जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने सभी पदाधिकारियों से संगठन हित को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया।



















