– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – उत्तराखंड डी-क्रिएटर कनेक्ट 2026 कार्यक्रम का भव्य आयोजन वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह के कार्यालय पर किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में ऊधम सिंह नगर जनपद के प्रसिद्ध डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स का भव्य मीटअप आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं किच्छा निवासी अंकुर अग्रवाल ने शिरकत की, जबकि कार्यक्रम के आयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने जिलेभर से पहुंचे इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कार्यक्रम के सूत्रधार रहे वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह के सामाजिक एवं डिजिटल नवाचारों पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की डिजिटल इंडिया की परिकल्पना को आगे बढ़ाते हुए संजीव कुमार सिंह ने उत्तराखंड में इस नई परंपरा की शुरुआत की है, ताकि प्रदेश के युवा कंटेंट क्रिएटर्स को प्रेरणा मिले और वे डिजिटल माध्यम से देश-प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
मंच से संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने कहा “भारत के प्रत्येक युवा में एक अनंत शक्ति छिपी है, उत्तराखंड का युवा आज केवल दर्शक नहीं बल्कि डिजिटल क्रांति का नेतृत्वकर्ता बन रहा है।”

इसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए उन डिजिटल क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया गया, जिनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाखों और मिलियन में फॉलोअर्स हैं और जो दिन-रात मेहनत कर बेहतरीन कंटेंट तैयार कर रहे हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे देश के प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं इन्फ्लुएंसर अंकुर अग्रवाल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा “अगर आप कंटेंट क्रिएटर बनना चाहते हैं तो सिर्फ अपने कंटेंट पर ध्यान दीजिए, कामयाबी ज़रूर मिलेगी”
कार्यक्रम में मौजूद सभी क्रिएटर्स ने इस पहल को उत्तराखंड के डिजिटल भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। प्रतिभागियों ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें बड़े स्तर पर सोचने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, क्रिएटर्स एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजक संजीव कुमार सिंह ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे, ताकि उत्तराखंड के उभरते हुए डिजिटल टैलेंट को मंच मिल सके और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर जिले के कई प्रमुख सोशल मीडिया क्रिएटर्स, युवा प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन टीम द्वारा किया गया और पूरे आयोजन में उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली।




















