
| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने जिला प्रशासन द्वारा 27 अप्रैल को अचानक जिला योजना समिति की बैठक बुलाए जाने पर कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों के साथ अन्याय और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ बताया।
विधायक बेहड़ ने कहा कि बैठक की सूचना मात्र एक दिन पहले देना बेहद आपत्तिजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। नियमानुसार जिला योजना की एजेंडा बुकलेट कम से कम तीन दिन पूर्व उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि जनप्रतिनिधि प्रस्तावित विषयों का गहराई से अध्ययन कर सकें और जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से अपनी बात रख सकें।
उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर बैठक के समय ही एजेंडा बुकलेट देना पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को सीमित करने की कोशिश है। “जब न तो पढ़ने का समय मिलता है और न ही चर्चा के लिए पर्याप्त अवसर, तो यह पूरी प्रक्रिया अलोकतांत्रिक प्रतीत होती है,”
बेहड़ ने आगे कहा कि 28 अप्रैल से विधानसभा का विशेष सत्र भी प्रस्तावित है, ऐसे में उसके ठीक एक दिन पहले जिला योजना समिति की बैठक बुलाने का कोई औचित्य समझ में नहीं आता। उन्होंने प्रशासन से भविष्य में ऐसी कार्यप्रणाली से बचने और पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की है।




















