– इंडिया नज़र ब्यूरो, किच्छा – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां गेहूं खरीद केंद्र पर अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ का गुस्सा फूट पड़ा। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर खरीद कार्य बंद मिलने से नाराज विधायक ने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और सख्त चेतावनी तक दे डाली।
किच्छा की नवीन गल्ला मंडी पहुंचे कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ गेहूं खरीद व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे थे। लेकिन मौके पर खरीद कार्य ठप मिलने से विधायक का पारा चढ़ गया।

इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद एसएमआई अधिकारी को कड़ी चेतावनी देते हुए नाराजगी जाहिर की। हालात इतने बिगड़े कि विधायक ने अधिकारियों के खिलाफ धरने पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विधायक के तेवर यहीं नहीं रुके, उच्च अधिकारियों के आश्वासन के बाद उन्होंने धरना समाप्त किया, लेकिन विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों का पुतला दहन किया और गेहूं क्रय केंद्र के पोस्टर को आग के हवाले कर दिया।
फिलहाल अधिकारियों ने व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया है, लेकिन सवाल यह है कि किसानों की सबसे बड़ी जरूरत फसल की खरीद कब तक पटरी पर लौटेगी।





















