| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में उत्तराखंड के लिए गर्व का पल सामने आया है। रुद्रपुर की दिल्ली पब्लिक स्कूल की छात्रा हर्षा ने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया है। उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने न सिर्फ उनके स्कूल बल्कि पूरे राज्य को गौरवान्वित कर दिया है।
परिणाम घोषित होते ही स्कूल परिसर में खुशी का माहौल बन गया। शिक्षक, छात्र और अभिभावक हर्षा की इस ऐतिहासिक सफलता पर उत्साह व्यक्त करते नजर आए। हर कोई इस उपलब्धि को प्रेरणा के रूप में देख रहा है, जिसने यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

हर्षा की सफलता की सबसे खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने नियमित अध्ययन, सही रणनीति और विषयों की गहरी समझ के जरिए खुद को तैयार किया। उनका मानना है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और पढ़ाई सही दिशा में की जाए, तो स्व-अध्ययन भी बड़ी सफलता दिला सकता है।
अपनी इस सफलता का श्रेय हर्षा ने अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।
हर्षा की मां ने बताया कि वह शुरू से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर रही और हर दिन पूरी लगन के साथ मेहनत करती थी। बेटी की इस उपलब्धि से पूरा परिवार भावुक और गर्वित है।

दिल्ली पब्लिक स्कूल के एमडी सुरजीत सिंह ग्रोवर ने हर्षा की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि “यह हमारे विद्यालय के लिए बेहद गर्व का क्षण है। हर्षा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो कोई भी उपलब्धि असंभव नहीं होती। हमें विश्वास है कि वह भविष्य में भी ऐसे ही ऊंचाइयों को छुएगी और समाज व देश का नाम रोशन करेगी।”
हर्षा की यह सफलता न केवल छात्रों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपनों को साकार किया जा सकता है।





















