| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई।
7 अप्रैल को चौकी लालपुर पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने महराया कट क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। अभियुक्ता ने अपना नाम सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष) निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा बताया। इस संबंध में कोतवाली किच्छा में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
वहीं, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बागवाला रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 103.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। अभियुक्त ने अपना नाम अर्जुन सिंह (26 वर्ष) निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। उसके खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों अभियुक्तों के पास से स्मैक के अलावा नगदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर सप्लाई चेन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा,“ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। युवाओं को नशे से बचाना और समाज को सुरक्षित रखना हमारी प्राथमिकता है।”
ऊधमसिंह नगर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि नशे के खिलाफ अभियान और तेज होगा। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।





















