


| इंडिया नज़र ब्यूरो,नैनीताल – प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार और प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के बीच समन्वय मजबूत होता दिख रहा है। इसी क्रम में संघ के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर उन्हें आगामी अधिवेशन का आमंत्रण दिया, जिसे मंत्री ने स्वीकार करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, खासकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में। उन्होंने चिकित्सकों से निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ सेवाएं देने की अपील की।
संघ के अध्यक्ष डॉ. रमेश कुंवर ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसमें सरकार और चिकित्सकों के बेहतर तालमेल की अहम भूमिका है।
संघ के पदाधिकारियों ने चारधाम यात्रा सहित प्रदेशभर में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का संकल्प दोहराया और आगामी अधिवेशन में स्वास्थ्य सुधार से जुड़े ठोस सुझाव रखने की बात कही।
इस अवसर पर महिला उपाध्यक्ष डॉ गरिमा भट्ट, संयुक्त सचिव डॉ नितिन मलिक एवं उपाध्यक्ष डॉ विनय शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।






















