


– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड के रुद्रपुर में फर्जी National Council of Educational Research and Training (NCERT) किताबों के बड़े रैकेट का मामला अब और साफ हो गया है। एनसीईआरटी अधिकारियों की जांच में बरामद सभी किताबें फर्जी पाई गई हैं। अब इस मामले में एनसीईआरटी की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।

दरअसल, ऊधम सिंह नगर पुलिस ने कल ही बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक और गोदाम से करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की NCERT किताबें बरामद की थीं। जांच के लिए पहुंची एनसीईआरटी टीम ने जब इन किताबों की बारीकी से जांच की तो उनमें लोगो, प्रिंटिंग क्वालिटी और वाटरमार्क में गंभीर गड़बड़ियां पाई गईं, जिसके बाद इन्हें फर्जी घोषित किया गया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ये नकली किताबें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में शिक्षा माफिया के जरिए बेची जा रही थीं। फिलहाल मामले में एनसीईआरटी की ओर से मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
फिलहाल पुलिस इस पूरे फर्जीवाड़े से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।






















