


| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – किच्छा क्षेत्र में दरऊ रोड पर बनाए गए कट के कारण लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग करते हुए कहा कि यह कट अब लोगों की जान के लिए खतरा बनता जा रहा है।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि दरऊ रोड पर बने इस कट के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय बताते हुए कहा कि इस संबंध में वे पहले भी कई बार प्रशासन को अवगत करा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उनकी मांग रही है कि इस चौराहे को व्यवस्थित तरीके से विकसित किया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सके। इसके साथ ही यहां मजबूत ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, जिससे दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
विधायक बेहड़ ने कहा कि हर शहर में चौराहे होते हैं, लेकिन वहां यातायात को नियंत्रित करने के लिए उचित प्रबंधन किया जाता है। उन्होंने कहा कि चौराहों को बंद करने के बजाय उन्हें सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना जरूरी होता है। लेकिन यहां चौराहे को बंद कर आगे दोनों ओर कट बना दिए गए हैं, जो दुर्घटनाओं को रोकने के बजाय उन्हें बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आए दिन नौजवान अपनी जान गंवा रहे हैं, जो बेहद दुखद और चिंताजनक स्थिति है।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने प्रशासन से मांग की कि इस चौराहे पर ट्रैफिक लाइट लगाई जाए, स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और पूरे चौराहे को व्यवस्थित कर सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।






















