


| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर | वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने बाजपुर रोड स्थित आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया माल बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी तजिंदर सिंह पुत्र रंजीत सिंह, निवासी वार्ड नंबर 11 बाजपुर, जिला ऊधम सिंह नगर ने थाना आईटीआई में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 8 फरवरी 2026 को किसी अज्ञात चोर ने बाजपुर रोड स्थित उनके आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में घुसकर स्पेयर पार्ट्स चोरी कर लिए।
वादी की तहरीर के आधार पर थाना आईटीआई में मु.एफआईआर नंबर 35/2026 धारा 305(A)/331(4) BNS के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक द्वारा पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा लगातार सुरागरसी-पतारसी और गश्त के दौरान परमानंदपुर हाईवे के पास मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से शोरूम से चोरी किए गए स्पेयर पार्ट्स बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का नाम इकराम उर्फ गुड्डू पुत्र राज खां, निवासी बिधोलिया थाना सीबीगंज जनपद बरेली (उ.प्र.), हाल निवासी महीना शाह का इमामबाड़ा, थाना बरादरी जनपद बरेली (उ.प्र.), उम्र 51 वर्ष है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ में चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





















