


| इंडिया नज़र ब्यूरो,किच्छा – किच्छा के वसंत गार्डन निवासी सुशील तिवारी की होनहार बेटी शांभवी तिवारी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर AS में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर किच्छा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि शांभवी तिवारी की यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि पूरे किच्छा क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण से क्षेत्र के युवाओं को भी आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा ने शांभवी तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उनसे समाज और देश की सेवा की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि शांभवी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगी, जिससे समाज के लोगों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र का नाम और ऊंचा होगा।
वहीं देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री नितिन फुटेला ने भी व्यापारियों और नगरवासियों की ओर से शांभवी तिवारी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि किच्छा जैसे छोटे शहर से निकलकर UPSC जैसी कठिन परीक्षा में इतनी शानदार रैंक हासिल करना बेहद गौरव की बात है।
इस दौरान शांभवी तिवारी के परिजनों ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद और सहयोग से ही यह सफलता संभव हो सकी है। इस अवसर पर अमन मदान (जिला उपाध्यक्ष), सुमित तनेजा, पंकज चिटकारा, परमजीत सिंह, हाजी अफताब सहित कई व्यापारी नेता और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने शांभवी तिवारी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया।






















