


– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री बनाए जाने पर विशाल चौहान का भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेकदीप सिंह के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं द्वारा फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और सभी ने विशाल चौहान को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के युवा उपस्थित रहे। सभी ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर नवनियुक्त जिला महामंत्री विशाल चौहान ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं की ताकत को राष्ट्र निर्माण में जोड़ने का काम कर रहा है और वह अधिक से अधिक युवाओं को पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में युवाओं के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ युवाओं तक पहुंचाना युवा मोर्चा की प्राथमिकता है।
वहीं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेकदीप सिंह ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि विशाल चौहान अपनी नई जिम्मेदारी को पूरी सक्रियता के साथ निभाते हुए संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रही है और युवाओं की भागीदारी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं को अधिक से अधिक पार्टी से जोड़ने का संकल्प लिया। इस मौके पर कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






















