
– इंडिया नज़र ब्यूरो | देहरादून – कोतवाली नगर क्षेत्र में युवती की जघन्य हत्या से जुड़े सनसनीखेज प्रकरण में पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के क्रम में नामित जांच अधिकारी पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विशाखा अशोक भदाणे, IPS ने आज मामले की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर हर पहलू से जांच को परखा।
एसपी मुख्यालय ने पीड़ित परिवार से भेंट कर उनका पक्ष गंभीरतापूर्वक सुना और आवश्यक बयान दर्ज किए। उन्होंने घटना से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी जुटाई तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि इस संवेदनशील मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक ढंग से की जा रही है।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली नगर और पुलिस चौकी खुड़बुड़ा पहुंचकर प्रकरण से जुड़े अभिलेखों, प्राप्त सूचनाओं तथा पुलिस रिस्पॉन्स से संबंधित दस्तावेजों का विस्तृत अवलोकन किया। जांच के दौरान घटना के समय प्राप्त सूचनाओं पर की गई कार्यवाही, पुलिस की प्रतिक्रिया और समयबद्धता जैसे सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
एसपी विशाखा अशोक भदाणे ने स्पष्ट किया कि “यदि जांच के दौरान किसी भी स्तर पर कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
इस संबंध में सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक (अपराध एवं कानून व्यवस्था), उत्तराखण्ड ने बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा इस गंभीर और संवेदनशील प्रकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए जांच की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।






















