
– इंडिया नज़र ब्यूरो |रुद्रपुर – जनपद में अनैतिक गतिविधियों और मानव तस्करी की आशंका को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के कड़े निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने आज बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए AHTU टीम ने रुद्रपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विभिन्न होटलों, ढाबों और कैफे सेंटरों पर आकस्मिक छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों में नियमों की अनदेखी, संदिग्ध गतिविधियां और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। पुलिस द्वारा दस्तावेज़ों की जांच, आगंतुकों का सत्यापन और रजिस्टरों का निरीक्षण किया गया।
अनियमितता पाए जाने पर पुलिस ने मौके पर ही कड़ी कार्रवाई करते हुए 4 होटल मालिकों और 1 कैफे सेंटर मालिक के विरुद्ध पुलिस अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की 15,000 का नकद जुर्माना मौके पर वसूला गया। गंभीर मामलों में 10,000 का चालान माननीय न्यायालय को प्रेषित किया गया।
इस कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट शब्दों में कहा “जनपद में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि, मानव तस्करी या नियमों की अनदेखी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। होटल, ढाबे और कैफे संचालकों को नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि समाज में अपराध और अव्यवस्थाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।”
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जनपद को सुरक्षित और अपराध-मुक्त बनाए रखने के लिए इस तरह की अचानक छापेमारी और जांच अभियान आगे भी निरंतर चलते रहेंगे।






















