


रुद्रपुर – कुमाऊं में नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने एक हफ्ते के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हासिल की है। किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में थाना किच्छा के आज़ाद नगर चौकी क्षेत्र से अंतरजनपदीय तस्कर सहनवाज उर्फ मामू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत की गई, जिसके अंतर्गत एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने एंटी नार्कोटिक्स यूनिट को पूरे उत्तराखंड में सख्त निगरानी और लगातार ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में सीओ परवेज अली के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरूप के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया और आरोपी को रंगे हाथ दबोच लिया।
”मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी के नशा मुक्त देवभूमि अभियान को धरातल पर उतारते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशानुसार जनपद में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।”
पूछताछ में सहनवाज ने खुलासा किया कि वह हेरोइन बरेली निवासी “भइया” नाम के व्यक्ति से खरीदता था और इसे कुमाऊं में हरजिंदर नामक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। उसने यह भी बताया कि अक्सर भइया की ओर से एक अलग लड़का डिलीवरी देने आता था, जिसकी पहचान उसने एसटीएफ को उपलब्ध फोटो के आधार पर कर ली है। अब एसटीएफ उस सप्लायर और डिलीवरी एजेंट की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक सहनवाज कुमाऊं क्षेत्र में उच्च शुद्धता की हेरोइन सप्लाई करने वाला बड़ा खिलाड़ी माना जाता था। ड्रग पैडलरों के बीच उसकी सप्लाई की भारी मांग रहती थी। बताया जा रहा है कि एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स यूनिट पिछले करीब दो वर्षों से उसके नेटवर्क पर नजर रखे हुए थी और आखिरकार यह बड़ी गिरफ्तारी संभव हो पाई।
अधिकारियों का कहना है कि सहनवाज की गिरफ्तारी से कुमाऊं में हेरोइन की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है और नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को मजबूती मिलेगी। साथ ही पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।























