

रुद्रपुर – तकनीकी शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित न रहकर जब उद्योगों से जुड़ती है, तभी उसका वास्तविक उद्देश्य पूरा होता है। इसी उद्देश्य को साकार करने के लिए महाराष्ट्र कॉलेज ऑफ आर्ट साइंस एंड कॉमर्स के छात्रों ने एसपी साल्वेंट लिमिटेड, रुद्रपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस औद्योगिक विजिट के दौरान छात्रों को न केवल उत्पादन प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी मिली, बल्कि उद्योग संचालन, प्रबंधन और भविष्य की संभावनाओं को भी करीब से समझने का अवसर प्राप्त हुआ।

महाराष्ट्र कॉलेज ऑफ़ आर्ट साईंस एंड कॉमर्स के कुल 72 छात्र एवं 4 प्रोफेसर मुंबई से निकलकर देश के विभिन्न राज्यों में स्थित तकनीकी एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण कर रहे हैं। इसी क्रम में उनका आगमन एसपी साल्वेंट लिमिटेड में हुआ, जहां कंपनी के सीएमडी पवन अग्रवाल ने स्वयं छात्रों से संवाद कर फैक्ट्री की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया और गुणवत्ता नियंत्रण के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एसपी साल्वेंट के सीएमडी पवन अग्रवाल ने बताया कि कंपनी आधुनिक तकनीक के माध्यम से पशु आहार एवं धान की भूसी के प्रसंस्करण का कार्य कर रही है। आज एसपी साल्वेंट द्वारा उत्पादित पशु आहार देश के कई राज्यों में भेजा जा रहा है, जो कंपनी की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को दर्शाता है।

छात्रों के साथ हुई बैठक के बाद एसपी साल्वेंट के अधिकारियों ने उन्हें फैक्ट्री का विस्तृत भ्रमण कराया। इस दौरान छात्रों ने मशीनरी, कच्चे माल से लेकर फाइनल प्रोडक्ट तक की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा।
एसपी साल्वेंट के सीएमडी पवन अग्रवाल ने कहा, “छात्र देश का भविष्य हैं। यदि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान मिले तो वे बेहतर निर्णय लेने में सक्षम बनते हैं। उद्योग भ्रमण से छात्रों को यह समझ आता है कि किसी यूनिट को खड़ा करने और उसे सफलतापूर्वक चलाने में कितनी मेहनत, धैर्य और तकनीकी समझ की आवश्यकता होती है। हमें खुशी है कि हमारे संस्थान से छात्रों को सीखने का अवसर मिला।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी कम करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और ऐसे विजिट छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

महाराष्ट्र कॉलेज के प्रोफेसर अब्दुल रशीद ने एसपी साल्वेंट प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “एसपी साल्वेंट के सीएमडी पवन अग्रवाल और उनकी पूरी टीम ने जिस खुलेपन और धैर्य के साथ छात्रों को जानकारी दी, वह सराहनीय है। यहां आकर छात्रों ने किताबों में पढ़ी बातों को वास्तविक रूप में देखा। यह अनुभव निश्चित रूप से उनके भविष्य को दिशा देगा और उन्हें अपने करियर को लेकर अधिक स्पष्ट बनाएगा।”
वहीं कॉलेज के प्रोफेसर अख्तर शेख ने कहा, “उत्तर प्रदेश की पहली एसपी साल्वेंट इकाई को देखकर यह समझ आता है कि एक उद्योग स्थापित करने और उसे लगातार आगे बढ़ाने के लिए कितनी क्षमता, दूरदृष्टि और धैर्य की आवश्यकता होती है। यह विजिट छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की दिशा देगी।”

इस अवसर पर एसपी साल्वेंट लिमिटेड की ओर से सभी छात्रों को सीएमडी पवन अग्रवाल द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट किए गए, वहीं कॉलेज के प्रोफेसरों को शाल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर कॉलेज से आये प्रोफ़ेसर आकिब शाहीखानी, मिस्बाह करभानी और एसपी साल्वेंट के डायरेक्टर अंकित अग्रवाल, प्रदीप आर्या, सहित कर्मचारी मौजूद थे।
यह औद्योगिक भ्रमण छात्रों के लिए न केवल एक शैक्षणिक अनुभव रहा, बल्कि उन्हें उद्योग, तकनीक और प्रबंधन की वास्तविक दुनिया से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ।
























