


– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा/देहरादून – जैसे-जैसे उत्तराखंड विधानसभा चुनाव नज़दीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे किच्छा विधानसभा क्षेत्र में सियासत की बिसात भी तेज़ी से बिछने लगी है। कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है, लेकिन इस बीच पूर्व विधायक राजेश शुक्ला की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक माहौल को और रोचक बना दिया है।
पिछले कुछ समय से राजेश शुक्ला क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय नज़र आ रहे हैं। वे अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों को जनता के बीच रख रहे हैं, जिससे उनकी राजनीतिक छवि में एक बार फिर मजबूती देखने को मिल रही है।
पिछले कुछ समय से राजेश शुक्ला क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर लगातार सक्रिय नज़र आ रहे हैं। वे अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों को जनता के बीच रख रहे हैं, जिससे उनकी राजनीतिक छवि में एक बार फिर मजबूती देखने को मिल रही है।
गौरतलब है कि राजेश शुक्ला किच्छा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं और अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को धरातल पर उतार चुके हैं। हालांकि, पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

इसके बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी नज़दीकियां और लगातार संवाद उन्हें बिना विधायक हुए भी क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय बनाए हुए हैं। हाल ही में राजेश शुक्ला ने देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की और किच्छा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के लिए आभार प्रकट किया।
राजेश शुक्ला ने ‘इंडिया नज़र’ को बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर को पूर्ण करने के लिए 651 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही नगला से किच्छा होते हुए आदित्य चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग तक फोरलेन चौड़ीकरण के लिए 80 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से किच्छा क्षेत्र से जुड़े अन्य विकास कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिस तरह से राजेश शुक्ला लगातार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में जुटे हैं, उससे आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी भूमिका अहम हो सकती है। किच्छा विधानसभा में सियासत किस करवट बैठेगी, यह तो आने वाला समय बताएगा, लेकिन फिलहाल राजेश शुक्ला की सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का कहना है कि “किच्छा मेरा परिवार है और इस क्षेत्र का विकास ही मेरी प्राथमिकता रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से किच्छा और रुद्रपुर क्षेत्र में बड़े विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। चाहे मेडिकल कॉलेज हो या फोरलेन सड़क, इन योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। मैं हमेशा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहूंगा।”
























