


| इंडिया नज़र ब्यूरो,रूद्रपुर – मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए रूद्रपुर के महापौर विकास शर्मा की पहल से माता-पिता से बिछुड़ा दस माह का मासूम सुरक्षित रूप से अपने परिजनों से मिल गया। कई घंटों की बेचैनी और अनिश्चितता के बाद जब मासूम सकुशल अपने माता-पिता की गोद में लौटा, तो पूरे परिवार के चेहरे पर राहत और खुशी की झलक साफ नजर आई।
घटना शुक्रवार दोपहर की है। लालपुर निवासी रोहित रस्तौगी अपनी पत्नी रूपा कुमारी और दस माह के पुत्र मन्नू के साथ मुरादाबाद जाने के लिए रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे थे। बस के चलने में कुछ समय शेष होने पर दंपत्ति शौचालय जाने के लिए बस में पहले से सवार एक कॉलेज छात्रा सिमरन से कुछ देर बच्चे की देखरेख का अनुरोध कर चले गए। इसी दौरान दुर्भाग्यवश बस चल पड़ी और मासूम मन्नू छात्रा की गोद में ही रह गया, जबकि उसके माता-पिता बस स्टेशन पर ही रह गए।

अचानक सामने आई इस स्थिति से छात्रा सिमरन घबरा गई। उसे आशंका हुई कि कहीं कोई जानबूझकर बच्चा उसके पास छोड़कर न चला गया हो। समझदारी दिखाते हुए उसने बस को नगर निगम कार्यालय के सामने रुकवाया और मासूम के माता-पिता की तलाश शुरू की।
इसी बीच नगर निगम कार्यालय में मौजूद महापौर विकास शर्मा को घटना की सूचना मिली। उन्होंने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। महापौर ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को सूचित किया और मीडिया को भी बुलवाया। मीडिया के माध्यम से आमजन से अपील की गई कि यदि कोई इस बच्चे या उसके माता-पिता को पहचानता हो, तो तत्काल नगर निगम या पुलिस से संपर्क करे। परिजनों के मिलने तक महापौर ने अपने कर्मचारी सुनील की देखरेख में मासूम को पूरी तरह सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
उधर, बच्चे के बस में छूट जाने की जानकारी मिलते ही माता-पिता और परिजन घबराहट में बस का पीछा करते हुए रामपुर तक पहुंच गए। वहां उन्हें जानकारी मिली कि जिस छात्रा को बच्चे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वह मासूम को लेकर रूद्रपुर नगर निगम कार्यालय के सामने उतर गई है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया, जहां से उन्हें बताया गया कि बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है।
सूचना मिलते ही परिजन तुरंत महापौर विकास शर्मा के कार्यालय पहुंचे। पुलिस और महापौर की मौजूदगी में मासूम मन्नू को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चे को सकुशल पाकर माता-पिता भावुक हो उठे और सभी ने राहत की सांस ली। परिजनों ने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की।
इस मौके पर महापौर विकास शर्मा ने मीडिया के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए माता-पिता को भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही से बचने की सख्त सलाह दी। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी बड़े हादसे को टाल सकती है।

























