
| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – वीर सपूत, जलियांवाला बाग हत्याकांड का बदला लेने वाले अमर शहीद ऊधम सिंह के सम्मान में रुद्रपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित शहीद ऊधम सिंह स्थल पर 9 फीट ऊँची कास्य प्रतिमा की स्थापना की गई। यह स्थापना रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में संपन्न हुई।
विधायक शिव अरोरा के प्रयासों से शहीद ऊधम सिंह स्मारक स्थल का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 14 लाख रुपये की लागत से स्थल का सौंदर्यीकरण तथा 22 लाख रुपये की लागत से कास्य प्रतिमा का निर्माण कराया गया है, जो अब बनकर तैयार हो चुकी है और विधिवत रूप से स्थापित कर दी गई है।
शहीद ऊधम सिंह का नाम वर्ष1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड से अमर रूप से जुड़ा है, जब अंग्रेजी तानाशाह जनरल डायर ने निहत्थे भारतीयों पर गोलियां चलवाकर सैकड़ों निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी। इस नरसंहार का प्रतिशोध लेने के लिए शहीद ऊधम सिंह ने वर्ष 1940 में लंदन जाकर जनरल डायर को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया, जिसके बाद उन्हें फांसी की सजा दी गई। उन्हीं के सम्मान में जनपद का नाम ऊधम सिंह नगर रखा गया है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि यह कार्य पर्यटन विभाग द्वारा कराया जा रहा है और स्मारक स्थल अब पहले की तुलना में अधिक भव्य, सुंदर और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगा। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में है और जैसे ही कार्य पूर्ण होगा, शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा का अनावरण एक भव्य और बड़े कार्यक्रम के माध्यम से किया जाएगा।
विधायक ने कहा, “शहीद ऊधम सिंह जैसे वीर सपूत करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। हमारा प्रयास है कि उनके स्मारक स्थल भव्य और दिव्य स्वरूप में नजर आए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी उनके बलिदान से प्रेरणा ले सकें।”
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अनुभव चौधरी, समाजसेवी हरविंदर चावला, पार्षद जॉनी भाटिया, राजकुमार कोली, चन्द्रसेन चंदा, मोहित बत्रा सहित कई गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।






















