
रुद्रपुर – विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर जनपद ऊधम सिंह नगर में अल्पसंख्यक समुदाय की मेधावी बालिकाओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
यह सम्मान कार्यक्रम उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर बोर्ड तथा उत्तराखण्ड मदरसा बोर्ड, देहरादून द्वारा आयोजित परीक्षाओं में हाईस्कूल, मुंशी/मौलवी, इण्टरमीडिएट एवं आलिम स्तर पर उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं तथा विभाग द्वारा चयनित कुल 5 मेधावी बालिकाओं के लिए आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बेटियाँ किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और यदि उन्हें उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकती हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने छात्राओं के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करें, उनके सपनों को समझें और उन्हें पूरा करने में हर संभव सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय की बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदनी तोमर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने योजना की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक मेधावी बालिका प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य अल्पसंख्यक बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी प्रतिभा को सम्मान देना है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और छात्राओं ने सरकार द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना की और इसे बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।






















