
रुद्रपुर – स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को एक बड़ी सौगात मिली है। विधायक शिव अरोरा के विशेष प्रयासों से मेडिकल कॉलेज को पहली अत्याधुनिक ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट सी-टाइप एम्बुलेंस प्राप्त हुई है। यह एम्बुलेंस सिडकुल स्थित ग्रीन पैनल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा अपने वर्ष 2025–26 के सीएसआर फंड से उपलब्ध कराई गई है, जिसकी लागत लगभग 26.2 लाख रुपये बताई जा रही है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि ”उन्होंने हाल ही में ग्रीन पैनल कंपनी से आग्रह किया था कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज के पास स्वयं की एम्बुलेंस नहीं होने के कारण मरीजों को समय पर उपचार में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस की भूमिका जीवनदायिनी होती है। इस आग्रह पर ग्रीन पैनल कंपनी ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए मेडिकल कॉलेज को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एम्बुलेंस समर्पित करने का निर्णय लिया।”
सिडकुल स्थित ग्रीन पैनल कंपनी परिसर से विधायक शिव अरोरा ने हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को रवाना किया। यह एम्बुलेंस अब मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर में मरीजों को लाने-ले जाने के लिए अपनी सेवाएं देगी। एम्बुलेंस में स्कूप स्ट्रेचर, स्पाइन बोर्ड, हेड इमोबिलाइज़र और व्हील चेयर कम स्ट्रेचर जैसी आवश्यक जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ”तराई क्षेत्र में सर्दियों के मौसम में घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज के पास स्वयं की एम्बुलेंस उपलब्ध होने से आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना संभव होगा, जिससे कई कीमती जानें बचाई जा सकेंगी।”
विधायक शिव अरोरा ने इस पुनीत कार्य के लिए ग्रीन पैनल कंपनी के प्रबंधन और समस्त स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। यह पहल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गोविंद सिंह तितियाल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनोज पानू, समाजसेवी ललित मिगलानी, मनोज मदान, ग्रीन पैनल कंपनी से अशोक कुमार सिंह (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), मनोज खंतवाल (एचआर एडमिन), नवीन चंद्रा (परचेज हेड), संजय लोधी (जीएम), योगेंद्र चतुर्वेदी (मैनेजर), विनय कुमार, बलवंत राव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।






















