– इंडिया नज़र ब्यूरो पुलिस को यह सफलता 15 दिसंबर 2025 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर मिली। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कोतवाली काशीपुर पुलिस एवं एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने SAFEXPRESS ट्रांसपोर्ट, दड़ियाल रोड, टांडा उज्जैन, काशीपुर में चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी संदिग्ध पेटियों की तलाशी ली गई, जिसमें नशीले इंजेक्शनों की बड़ी खेप बरामद हुई।
तलाशी के दौरान 16 गत्तों की पेटियों में BINORPHINE (Buprenorphine Injection IP) के 1,598 डिब्बों में कुल 39,950 इंजेक्शन तथा 2 गत्तों की पेटियों में REXOGESIC (Buprenorphine Injection) के 160 डिब्बों में कुल 4,000 इंजेक्शन पाए गए। इस प्रकार कुल 43,950 नशीले इंजेक्शन पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार एवं औषधि निरीक्षक निधि शर्मा द्वारा बरामद इंजेक्शनों की तकनीकी जांच की गई। जांच में पुष्टि हुई कि दोनों दवाएं नियंत्रित (Controlled Drugs) श्रेणी में आती हैं और इनका परिवहन केवल लाइसेंस प्राप्त इकाइयों द्वारा ही किया जा सकता है। मौके पर विधिवत इन्वेंट्री रिपोर्ट भी तैयार की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह नशीले इंजेक्शन कोतवाली काशीपुर में पंजीकृत मु. एफआईआर संख्या 477/2025, धारा 8/21/22/60/29 एनडीपीएस एक्ट में फरार अभियुक्त रिपुल चौहान पुत्र रक्षपाल सिंह, निवासी ग्राम नजीमपुर, पोस्ट जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी वार्ड संख्या-13, कविनगर, काशीपुर द्वारा मंगाए गए थे। अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।
इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि ऊधम सिंह नगर में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा तस्करों के खिलाफ इसी तरह सख्त, प्रभावी और निरंतर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






















