



– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर उधमसिंहनगर जिले में 28 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि ”मुख्यमंत्री धामी का यह निर्णय जनभावनाओं का सम्मान करने वाला है। छठ पर्व आस्था, तपस्या और सूर्य उपासना का पर्व है, जो समाज में पवित्रता, अनुशासन और परिवारिक एकता का संदेश देता है। यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि सांस्कृतिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा छठ पूजा के दिन अवकाश घोषित किए जाने से श्रद्धालुजनों को पूजा-अर्चना एवं व्रत अनुष्ठान में सुविधा मिलेगी और जन-जन को पर्व की गरिमा के अनुरूप इसे मनाने का अवसर प्राप्त होगा।
शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सदैव प्रदेश की संस्कृति, परंपरा और जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेते रहे हैं। उनकी संवेदनशीलता और धर्म-संस्कृति के प्रति सम्मान भाव ही प्रदेश को नई दिशा दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम दर्शाता है कि उत्तराखंड सरकार जनता की आस्था और भावनाओं के साथ खड़ी है।
पूर्व विधायक ने आशा व्यक्त की कि धामी सरकार आगे भी इसी प्रकार जनहित में कार्य करती रहेगी और धार्मिक-सांस्कृतिक परम्पराओं के संरक्षण हेतु प्रतिबद्ध रहेगी।























