


रुद्रपुर – सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष, सचिव एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष रजत सिंह बिष्ट, सचिव जसवंत सिंह और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि मोहित चंद्र भट्ट अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आवास पहुंचे और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा, “यह जीत युवाओं के भरोसे, मेहनत और हमारी टीम के रणनीतिक प्रयासों का परिणाम है। मुझे उम्मीद है कि नई टीम छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगी और महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।”

बताते चलें कि राजेश शुक्ला की टीम के छात्र नेता धीरज सिंह, पूर्व छात्रसंघ सचिव रोहित भट्ट, छात्र नेता चंदन भट्ट, पूर्व अध्यगोपाल सिंह पटेल और कमलचंद जोशी सहित वरिष्ठ छात्र नेताओं ने मिलकर चुनावी रणनीति बनाई और ऐतिहासिक जीत दर्ज कराई।
अध्यक्ष पद पर रजत सिंह बिष्ट ने 100 से अधिक मतों से जीत हासिल की, वहीं सचिव पद पर जसवंत सिंह ने 1300 से अधिक मतों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समर्थित मोहित चंद्र भट्ट ने निर्णायक बढ़त बनाकर विजय प्राप्त की।
मतगणना पूर्ण होने के बाद महाविद्यालय प्रशासन ने विजयी प्रत्याशियों को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद देर रात नवनिर्वाचित अध्यक्ष, सचिव एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला से मिले और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।





















