


किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र के सैजना में नहर वाले मार्ग के नव निर्माण को राज्य सरकार से स्वीकृति मिल गई है। क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि इस सड़क की कुल लंबाई 0.600 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण पर लगभग 28.53 लाख की लागत आएगी। इस परियोजना को पी.सी. (प्रशासनिक परिषद) द्वारा मंजूरी दे दी गई है और वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। कार्य की स्वीकृति राज्य योजना के तहत दी गई है, और विभाग जल्द ही निर्माण कार्य का शुभारंभ करेगा।
विधायक बेहड़ ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के चलते लागू आचार संहिता के कारण पिछले कुछ समय से कई विकास कार्य अटके हुए थे। चुनाव पूर्ण होने के बाद अब विकास कार्यों को तेज गति से पुनः प्रारंभ किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में किच्छा के ग्रामीण क्षेत्रों में रुके हुए निर्माण कार्यों को पूरा कराया जाएगा। साथ ही, नगरीय क्षेत्रों के प्रत्येक वार्ड के लिए विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। विधायक बेहड़ ने आशा जताई कि जल्द ही किच्छा विधानसभा की कुछ प्रमुख सड़कों के लिए भी राज्य योजना के तहत स्वीकृति प्राप्त होगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि ”किच्छा विधानसभा के विकास के लिए मेरा प्रयास हमेशा रहता है कि गांव से लेकर शहर तक सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं के कार्य समय पर पूरे हों। सैजना नहर मार्ग का नव निर्माण क्षेत्र के लोगों के लिए सुविधा और विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस परियोजना को स्वीकृति देने के लिए मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण विभाग के मंत्री श्री सतपाल महाराज का हृदय से धन्यवाद करता हूं। आने वाले दिनों में किच्छा की ग्रामीण और नगरीय दोनों क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।”



















