

– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जिला व क्षेत्र पंचायत के अध्यक्षों के चुनाव सीधे जनता से करने की मांग की है, उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार भी उत्तर प्रदेश की आगामी जिला पंचायत एवं क्षेत्र पंचायत के चुनाव सीधे जनता से कराने पर विचार कर रही है।
पत्र में कहा गया है कि उत्तराखंड में भी उसी तर्ज पर ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता से होने पर इन चुनावो में होने वाले धन बल एवं बाहुबल के प्रभाव का अंत होगा एवं राजनीतिक सुधार में ऐतिहासिक कदम होगा, सीधे जनता से चुनाव होने पर ये सभी ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष जनता के प्रति जवाबदेह होंगे तथा जनता सीधे सवाल एवं संवाद इनसे इसी प्रकार कर सकेगी जैसे नगर निकाय, विधानसभा एवं लोकसभा के निर्वाचित प्रतिनिधियों से करती है।

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पत्र में लिखा है कि देशभर को उत्तराखंड की आपके नेतृत्व की सरकार ने कई मामलों में दिशा दिखाने का काम किया है, विशेष तौर पर U.C.C. एवं नकल विरोधी कानून। देश में ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत के अध्यक्षों के चुनाव सीधे जनता से कराने की पहल करने वाला राज्य उत्तराखंड बने तथा पूरे देश में त्रिस्तरीय पंचायतो के चुनाव में सुधार लाने हेतु दिशा देने का काम करें इसके लिए यहां से ही शुरुआत हो।






















