

– हिमांशु तिवारी, फिल्म एडिटर गाजियाबाद – फिल्म ‘द्वी होला जब साथ’ उत्तराखंडी फिल्में युवाओं के दिलों पर अपना राज करने लगी हैं, यही कारण है कि एक-के-बाद-एक फिल्म रिलीज़ हो रही है। अब गढ़वाली भाषा में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द्वी होला जब साथ’ राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में प्रदर्शित होने जा रही है।
देहरादून में रिलीज़ के बाद चर्चाओं में रही यह फिल्म 16 मई से इंदिरापुरम स्थित जयपुरिया मॉल में लग रही है। इस फिल्म का शो रोजाना शाम 4:30 बजे से शुरू होगा। दीप विजन के बैनर तले निर्मित इस फिल्म ने अपनी बॉलीवुड-स्टाइल प्रस्तुति, सशक्त निर्देशन और भावनात्मक कहानी के चलते पहले ही उत्तराखंड में खूब सराहना बटोरी है। फिल्म का निर्देशन, लेखन और निर्माण रवि दीप ने किया है, जबकि गढ़वाली रूपांतरण शोभना रावत द्वारा किया गया है। अमित दीक्षित फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर हैं।


‘द्वी होला जब साथ’ नाम से ही स्पष्ट है कि यह फिल्म एक साथ होने की भावना को केंद्र में रखती है। इसमें प्रेम, मित्रता और पारिवारिक रिश्तों की गहराई को मार्मिक रूप से दर्शाया गया है। साथ ही यह फिल्म समाज में आ रहे सकारात्मक बदलावों और नई सोच को भी उजागर करती है।
फिल्म की कहानी एक भारतीय सैनिक के सर्वोच्च बलिदान के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं, देशभक्ति, एक्शन, रोमांस और मनोरंजन का समुचित संगम देखने को मिलता है। गीत-संगीत और नृत्य इसकी अतिरिक्त विशेषताएँ हैं, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ती हैं। फिल्म की मुख्य शूटिंग लोकेशन गाँव रौतु की बेली और आसपास के क्षेत्र रहे हैं।

फिल्म में प्रमुख कलाकार मनीष डिमरी, कल्याणी गंगोला, अमित भट्ट, अंकिता परिहार, रमेश रावत, विमल उनियाल, सुषमा व्यास, रिया शर्मा, रोशन उपाध्याय, और बाल कलाकार आर वबिजल्वान। संगीत दिया है अमित वी कपूर और वीकैश ने, छायांकन है नीलेश बाबू का, और संपादन किया है दिव्य दीप महाजन ने।
NCR रिलीज़ होने के बाद फिल्म कोटद्वार में रिलीज़ होगी, और इसके बाद उत्तराखंड के अन्य शहरों के साथ-साथ चंडीगढ़ और मुंबई जैसे महानगरों में भी दिखाई जाएगी।






















