
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – झूला संचालको से आंधी बारिश की वजह से झूला न झूलने पर पैसे वापस मांगना कुछ युवको को भारी पढ़ गया। इनकी न केवल झूला संचालको ने अपने गुंडों से मारपीट करवाई बल्कि घायल भी कर दिया। अब इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
मामला अटरिया देवी मंदिर के पास चल रहे मेले का है। जहाँ एक परिवार को मेले में जाना काफी दुखदायी हो गया। पीड़ित का आरोप है कि ठेकेदार और झूला संचालकों की मिलीभगत से आये दिन झूला संचालक लोगो के साथ बदसलूकी कर रहे है।

पीड़ित का कहना है कि उनके परिवार ने झूला झूलने के लिए टिकट खरीदी, लेकिन अचानक आए आंधी-तूफान और बिजली गुल हो जाने के कारण झूला नहीं चल सका। जिस पर उन्होंने जब टिकट के पैसे वापस मांगे, तो झूले वालों ने न केवल इनकार किया बल्कि गालीगलौज करते हुए झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते झूले वालों ने अपने साथियों को बुला लिया और पूरे परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।
परिवार का यह भी आरोप है कि हमलावर धारदार हथियारों और लोहे की रॉड से लैस थे। महिलाओं और बच्चों को भी पीटा गया और एक पुरुष सदस्य को बुरी तरह घायल कर दिया गया। किसी तरह जान बचाकर परिवार वहां से भागा और प्राथमिक उपचार कराया।
सबसे ताज्जुब की बात यह है कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने भी कोई हस्तक्षेप नहीं किया। इस बेरुखी और प्रशासनिक लापरवाही ने हालात को और भी गंभीर बना दिया।
पीड़ित परिवार ने सिडकुल पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाईं है और आरोप लगाया है कि मारपीट करने वालों को मेले के ठेकेदारों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते वे पूरी दबंगई और बेखौफ से इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
यह घटना से मेले में जाने वाले दर्शको सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल ही नहीं उठ रहे है बल्कि प्रशासनिक संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े हो रहे है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। क्या पीड़ित परिवार को न्याय मिल पायेगा ?





















