
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – तहसील दिवस में उठी समस्याओं को अधिकारी गंभीरता से लेते हुए त्वरित गति से निस्तारित करना सुनिश्चित करे यह निर्देश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों को दिये।
उन्होने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत समस्याओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करना सुनिश्चित करें। उन्होने ने कहा कि सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करे। जिलाधिकारी ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है उसी स्तर पर समाधान करना सुनिश्चित करें। उन्होने जिला पूर्ति अधिकारी को राशन कार्ड की जांच सर्वे कराने व जिला समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने हेतु शिविर लगाने के निर्देश दिये।

नगर पालिका सभागार में आयोजित तहसील दिवस में राशन कार्ड, पेयजल, आवास, बिजली, सड़क निर्माण व मरम्मत, जल जीवन मिशन, पुलिस, नगर पालिका आदि से सम्बन्धित 142 शिकायतें पंजीकृत हुई। जिसमे से लगभग 70 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किच्छा के विकास के लिए प्रयासरत है। सरकार द्वारा किच्छा में सेटेलाईट एम्स, औद्योगिक पार्क, आधुनिक बस अड्डा जैसे कार्य कराये जा रहे है, उन्होने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथकिमता है इसलिए सभी अधिकारी अपने स्तर के समस्याओं का समय से निस्तारण करना सुनिश्चि करें। उन्होने कहा कि जो समस्याऐं शासन स्तर की है, उन्हे प्रस्ताव बनाकर उच्च स्तर को अग्रसारित करें ताकि प्रस्ताव स्वीकृत होने पर कार्य किये जा सकें।
तहसील दिवस में क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने संम्बोधि करते हुए पूर्ति व समाज कल्याण विभाग के शिविर लगवाकर जनता की समस्याओं का समाधान करने को कहा।
तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, मुख्य चिकित्सााधिकारी डॉ0 के0के0 अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, सीओ बीएस धामी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, लोनिवि ओपी सिंह, जल संस्थान तरूण शर्मा, जल निगम सुनील जोशी तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, जिला प्रोवेशन अधिकारी व्योमा जैन, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिम्वाल आदि उपस्थित थे।






















