
– इंडिया नज़र ब्यूरोकिच्छा – प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में किच्छा निवासी गुड्डी देवी (पत्नी खेमपाल कोली) की भगदड़ के दौरान मृत्यु हो गई। गुड्डी देवी अपने पुत्र और पुत्रबधु के साथ स्नान करने महाकुम्भ गई थी। उनका पार्थिव शरीर उनके निवास पर पहुंच गया है, आज उनका दाह संस्कार किया जायेगा। इस हादसे के बाद अभी जिले के कई लोग लापता बताये जा रहे है।
गौरतलब है कि 27 जनवरी को सेवादार हीरा सरकार के नेतृत्व में जिले के किच्छा से पांच बसों में सैकड़ों श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। मौनी अमावस्या के पर अमृत स्नान के दौरान भगदड़ की स्थिति उत्पन्न होने से गुड्डी देवी का आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद सूचना मिलने के बाद परिजन गहरे शोक में हैं।

किच्छा के उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि किच्छा क्षेत्र की एक महिला गुड्डी की मृत्यु प्रयागराज में भगदड़ के दौरान हुई है। अभी तक अन्य किसी के लापता होने की पुष्टि नहीं हुई है, न ही इस सम्बन्ध में कोई सूचना प्राप्त हुई है।
वही इस दुखद हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने गुड्डी देवी के घर पहुंच कर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवगंत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना की। विधायक प्रतिनिधि गौरव बेहड़ ने भी इस हादसे पर दुःख व्यक्त किया है और परिवार से मिलकर सांत्वना दी है।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में मंडल अध्यक्ष मनमोहन सक्सेना, निवर्तमान सभासद संदीप अरोरा, व्यापार मंडल महामंत्री विजय अरोड़ा, कोषाध्यक्ष नितिन फुटेला, अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री नितिन वाल्मीकि, मंडल महामंत्री मुकेश कोली, गोल्डी गोरया, राजकुमार कोली, विनोद कोली, पूरन भट आदि लोगों थे।






















