
पंतनगर /नगला – प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन नगला में बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर नगला बचाओ कमेटी ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के नेतृत्व में एक स्वच्छता अभियान चलाया, जिसमें नगर पालिका क्षेत्र की सफाई पर जोर दिया गया।
मातृशक्ति ने इस पावन दिन पर श्री पंचेश्वर मंदिर में पूजन और हवन का आयोजन किया। इसके बाद भजन-कीर्तन के माध्यम से समस्त नगरवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना की। सभी ने मिलकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ केक काटा और मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मिष्ठान वितरण के साथ-साथ एक भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें राहगीरों को विशेष रूप से तहरी परोसी गई। समाजसेवा की भावना के तहत पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और नगला बचाओ कमेटी ने हल्दुचौढ़ स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंच कर सभी परिवारों को फल और भोजन वितरित किया गया। इस कार्यक्रम ने लोगों के बीच समर्पण और सेवा के महत्व को उजागर किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रशंसा की और उनके दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के सिद्धांत को अपने शासन में आत्मसात करते हुए उत्तराखंड को एक विकसित और समृद्ध राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। शुक्ला ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री धामी न केवल प्रदेश के विकास के लिए कार्यरत हैं, बल्कि आम जनमानस के हितों की रक्षा करते हुए सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय के ध्येय के साथ काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से युवा नेता मंडल उपाध्यक्ष सचिन शुक्ला, मंडल अध्यक्ष अनिल यादव, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष महेंद्र बाल्मीकि, सुनील रोहिल्ला, रामू बिष्ट, हरीश जोशी, सुभाष गुप्ता समेत सैकड़ों नगलावासी उपस्थित थे।





















