– ट्रक, बस, ऑटो, रिक्शा चालकों के आंखों का कराया चेकअप

रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर जिले की पुलिस ने 34वे सड़क सुरक्षा माह में आमजन को यातायात नियमो के प्रति जागरूक करने के लिये विभिन्न जागरूकता अभियान चलाये है। जिससे आमजन नियमो का पालन कर सके। विशेष कर पुलिस ने निःशुल्क आँखों का कैंप भी लगवाया।
पुलिस अधीक्षक अपराध (यातायात) चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में कोतवाली किच्छा क्षेत्र की लालपुर चौकी में ‘प्रभु नेत्र चिकित्सालय’ रुद्रपुर के सौजन्य से निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन भी किया गया था। जिसमें ट्रक, बस, ऑटो, रिक्शा चालकों के आंखों का निशुल्क चेक अप कराया गया। शिविर के माध्यम से सैकड़ों चालको और लोगों ने अपनी आंखों का चेक अप कराया। आम लोगो द्वारा पुलिस के इस कार्य की सराहना की गई है।
पुलिस अधीक्षक अपराध (यातायात) चंद्रशेखर घोड़के के अनुसार एसएसपी डा मंजुनाथ टीसी के आदेशानुसार नेत्र शिविर एवं अन्य माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक करने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया गया कि सड़क पर सुरक्षा की जिम्मेदारी सभी की है सड़क एक ऐसा स्थान है। जिसका उपयोग छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हर कोई करता है। इसलिए सड़क पर स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना बहुत ज़रूरी है। जिससे दुर्घटनाओं पर विराम लगेगा।





















