


– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के विरुद्ध उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले की तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती मीना देउपा ने सम्मन जारी उन्हें 21 सितंबर 2023 को हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के विरुद्ध ऊधम सिंह नगर जिला एवं सत्र न्यायालय की अदालत में कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता डॉ गणेश उपाध्याय ने एक वाद दायर किया था। दाखिल परिवाद में आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान किच्छा में हुई जनसभा को सम्बोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की थी।

दाखिल परिवाद पर डॉ गणेश उपाध्याय ने अपने ब्यान दर्ज कराते हुए कहा कि उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान असम राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 67 किच्छा विधानसभा में किच्छा नगर में स्थित तहसील कार्यालय के सामने इन्द्रा गांधी मैदान में दिनांक 11 फरवरी 2022 को एक राजनीतिक दल के उम्मीदवार का प्रचार करते हुए दिन में लगभग 1 बजे के आसपास एक सभा को सार्वजनिक रूप से सम्बोधित किया था।
अपने ब्यान में उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अपने सम्बोधन में कांग्रेसी नेता व सांसद राहुल गांधी का नाम लेकर पूर्ण विद्वेष भावना से ग्रसित होकर ‘आप कौन सा पिता के बेटे है, हमने प्रूफ मांगा क्या’ उद्बोधन किया था तथा हिमंता बिस्वा सरमा का यह सम्बोधन प्रत्यक्ष रूप से भी राहुल गांधी की माता एवं सांसद श्रीमती सोनिया गांधी के चरित्र के प्रति लांछन लगाने वाला उद्बोधन सार्वजनिक रूप से किया गया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी का चरित्र हनन किया गया है। यह निश्चित रूप से यह सूचना एवं प्राद्योगिकी कानून के प्राविधानों का दुरूपयोग भी है। समाज के सभ्य लोगों की भावनाएं आहत हुई है।
उन्होंने माननीय न्यायालय से पूर्व में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के खिलाफ दाखिल परिवाद में मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी। इस मामले पर अब तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ऊधम सिंह नगर श्रीमती मीना देउपा ने सम्मन जारी कर मुख्यमंत्री असम हिमंता बिस्वा सरमा को 21 सितंबर 2023 को हाजिर होने के लिए नोटिस भेजा है। इससे हिमंता बिस्वा सरमा की मुश्किलें बढ़ सकती है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा अपने विवादित बयानों के लिये चर्चा में रहते है।





















