– अज़हर मलिकबाजपुर – काशीपुर की एसओजी टीम ने नकली पनीर की सप्लाई कर रहे एक कार में सवार दो लोगों को नकली पनीर के साथ गिरफ्तार किया है। एसओजी टीम ने दोनों युवकों को कार और नकली पनीर के साथ पुलिस के हवाले कर दिया है। बाद में सूचना पर पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिये है।
बता दें कि काशीपुर की एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश के टांडा बादली से एक कार में नकली पनीर लाकर क्षेत्र में बेचने का काम किया जा रहा है। मुखबिर से मिली सूचना पर एसओजी टीम ने तत्काल कार्यवाही करते हुए बाजपुर के भगत सिंह चौक के समीप एक दूध की डेरी में पनीर की सप्लाई कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
एसओजी की टीम को दोनों युवकों के पास से करीब 20 किलो पनीर बरामद हुआ है। जिसके चलते एसओजी की टीम ने दोनों युवकों और नकली पनीर को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस की पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम अब्दुल कादिर और मुकीम बताया है। नकली पनीर की सूचना मिलते ही वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ललित मोहन पांडे ने कोतवाली पहुंचकर पनीर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है। एसएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के द्वारा काशीपुर, सुल्तानपुर पट्टी और बाजपुर में विभिन्न दुकानों पर पनीर की सप्लाई करना सामने आया है। साथ ही उन्होंने बताया कि पनीर की जांच की रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





















