
– इंडिया नज़र ब्यूरो
रुद्रपुर – रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल ने झंडी दिखाकर आयुष रथ को रुद्रपुर के विभिन्न क्षेत्रों के लिये रवाना किया गया। उत्तराखंड सरकार के सौजन्य से आयुर्वेद विभाग द्वारा सभी जनपदों में आयुर्वेदिक रोग प्रतिरोधक औषधियों को कोविड रोगियों तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा सभी कोरोना फ्रंट लाइन वर्कर्स को भी ये औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
सभी जिलों में आयुष हेल्प डेस्क व पोस्ट कोविड हेल्प डेस्क स्थापित किये गए हैं, जिनमें आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा रोगियों से फोन पर सम्पर्क करके, उन्हें परामर्श दिया जा रहा है और दवाएं भी पहुंचाई जा रही हैं। जिलाधिकारी श्रीमती रंजना राजगुरु द्वारा भी जिला आयुर्वेद अधिकारी से निदेशालय से सम्पर्क कर दवाएं मंगाने के निर्देश दिये गए थे।

रथ के शुभारंभ के अवसर पर जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ आशुतोष पंत, नोडल अधिकारी डॉ हरद्वार शुक्ला, चीफ फार्मासिस्ट श्री कल्याण सिंह व कर्मचारी हिमांशु और दिनेश उपस्थित थे। डॉ अशुतोष पंत ने कहा आयुष रथ के विभिन्न क्षेत्रों में जाने से जागरूकता के साथ दवा का वितरण भी किया जायेगा। जिससे लोगो में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने विभाग का सहयोग के लिये विधायक राज कुमार ठुकराल का आभार भी व्यक्त किया।





















