– विधायक निधि से प्लाज़्मा बैंक के लिये 25 लाख देने को तैयार।
– बेबस है भाजपा विधायक बोले, सरकार की छवि खराब कर रहे है अधिकारी।
– विधायक का आरोप सब सेटिंग गेटिंग का खेल चल रहा है।
– इंडिया नज़र ब्यूरो की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट
रुद्रपुर – हिन्दू हृदय सम्राट और दबंग विधायक के नाम से चर्चित रुद्रपुर के विधायक राज कुमार ठुकराल की बात को सीएमओ गंभीरता से नहीं लेते। नगर में प्लाज़्मा बैंक निर्माण के लिये विधायक न सिर्फ सीएमओ से निहोरे करते रहे बल्कि उन्होंने कहा कि वो अपने क्षेत्र की गरीब जनता की जान बचाने के लिये कुछ भी करने को तैयार है। प्लाज़्मा बैंक के लिये वो विधायक निधि से 25 लाख रूपये देने को तैयार है। उन्होंने तुरंत प्लाज़्मा बैंक स्थापित करवाने को कहा ,लेकिन सीएमओ ने उनकी बात को कोई तवज्जो नहीं दी।
दरअसल गदरपुर व्यापार मंडल के संदीप चावला के साथ एक प्रतिनिधिमंडल रुद्रपुर के विधायक राज कुमार थुराल से मिला। इनका ग्रुप ब्लड डोनेट करवा कर लोगो की मदद करता है। इन दिनों यह ग्रुप प्लाज़्मा भी डोनेट करवा रहा है। इसके लिये लोगो को प्लाज़्मा डोनेट करने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल जाना पड़ता है। दिक्कते होती है और मरीज़ो को समय पर प्लाज़्मा नहीं मिल पाता है, जिससे कई लोगो की जान जा चुकी है।
इस प्रतिनिधि मंडल ने रुद्रपुर के ब्लड बैंक में ही प्लाज़्मा बैंक स्थापित करने की मांग विधायक राज कुमार ठुकराल से की थी। जिस पर विधायक राज कुमार ठुकराल ने तुरंत प्लाज़्मा बैंक के निर्माण में खर्च होने वाले 25 लाख रूपये देने की हामी भर दी। इसके बाद उन्होंने सीएमओ को फ़ोन किया। लेकिन तमाम अनुरोध के बाद भी सीएमओ इसे टालते रहे। आप भी सुनिये राज कुमार ठुकराल कैसे सीएमओ को प्लाज़्मा बैंक और आक्सीजन फ्लो मीटर उपलब्ध कराने के लिये कह रहे है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की छवि खराब हो रही है।
विधायक राज कुमार ठुकराल का कहना है कि रुद्रपुर में हर हाल में प्लाज़्मा बैंक का निर्माण करवा कर दम लेंगे। इसके लिये वो जिलाधिकारी सीडीओ से वार्ता कर जल्दी स्थापित करवाएंगे। साथ ही विधायक ने यह भी कहा कि जिले में सब सेटिंग का खेल चल रहा है। अभी वो चुप है। उनकी पहली प्राथमिकता लोगो को इलाज कराना है। जिससे जल्द से जल्द कोरोना जैसी महामारी से मुक्ति मिल सके।






















